श्री धर्मेंद्र प्रधान ने आर आई एन एल वाइजाग स्टील में जंबो कोविड सेवा सुविधा का उद्घाटन किया    30-May-2021     Read in English
भारत सरकार के माननीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस व इस्पात मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान ने आर आई एन एल वाइजाग स्टील के गुरजाडा कलाक्षेत्रम एवं हॉस्टल-1 में कोविड मरीजों के उपचार हेतु परिकल्पित 1000 बेड सुविधा के अंतर्गत 300 बेड (चरण-1) के जंबो कोविड सेवा सुविधा का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया। श्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने संबोधन में इस महामारी के दौरान पूरे देश में अनेक लोगों के जीवन बचाने हेतु अथक प्रयास करने एवं सेवा प्रदान करने को माध्यम से राष्ट्रीय हित में सहयोग देने हेतु आर आई एन एल-वाइजाग स्टील के प्रयासों की सराहना की।  उन्होंने महाराष्ट्र में प्रथम ऑक्सीजन एक्सप्रेस भेजने में आर आई एन एल के त्वरित एवं समर्पित प्रयास हेतु आर आई एन एल समूह की प्रशंसा की।  उन्होंने आर आई एन एल-वाइजाग स्टील के परिसर में यह जंबो कोविड सेवा सुविधा शुरु करने में सभी प्रकार से अपेक्षित सहयोग देने हेतु आंध्र प्रदेश सरकार को धन्यवाद दिया। भारत सरकार के माननीय इस्पात राज्य मंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते कार्यक्रम में उपस्थित थे।  उन्होंने कोविड से पीड़ित मरीजों के लिए चिकित्सीय द्रव ऑक्सीजन की आपूर्ति एवं अभी आंध्र प्रदेश सरकार एवं भारत सरकार के इस्पात मंत्रालय के सहयोग से इस जंबो कोविड सेवा सुविधा के माध्यम से मरीजों को समय पर राहत दिलाने हेतु आर आई एन एल समूह को बधाई दी।आंध्र प्रदेश सरकार के माननीय उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ, परिवार कल्याण व चिकित्सा, शिक्षा मंत्री श्री आल्ल के के श्रीनिवास, आंध्र प्रदेश के माननीय खान मंत्री श्री पी रामचंद्र रेड्डी, आंध्र प्रदेश सरकार के माननीय उद्योग मंत्री श्री एम गौतम रेड्डी, माननीय सांसद (राज्यसभा) श्री विजय साई रेड्डी एवं अनकापल्लित के माननीय सांसद (लोक सभा) डॉ बी वी सत्यवती, ने वर्चुअल माध्यम से इस कार्यक्रम में भाग लिया।  उन्होंने वाइजाग स्टील में जंबो कोविड सेवा सुविधा की स्थापना हेतु आर आई एन एल-वाइजाग स्टील को बधाई दी।  उन्होंने खासकर आंध्र प्रदेश के लोगों के कल्याण हेतु अति आवश्यक चिकित्सीय द्रव ऑक्सीजन की आपूर्ति एवं आर आई एन एल – वाइजाग स्टील में ऐसी कोविड सेवा सुविधाओं की स्थापना हेतु अपेक्षित सहयोग एवं मार्गदर्शन हेतु भी भारत सरकार  एवं इस्पात मंत्रालय को धन्यवाद दिया।  समारोह में उपस्थित अतिथियों में भारत सरकार, इस्पात मंत्रालय के सचिव श्री पी के त्रिपाठी एवं आंध्र प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव श्री आदित्य दास शामिल थे।  इसके पूर्व आर आई एन एल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री पी के रथ ने 1000 बेड वाली जंबो अस्पताल सुविधाओं के चरण-1 का कार्य आरंभ करने में सभी प्रकार से सहयोग देने हेतु आंध्र प्रदेश सरकार एवं इस्पात मंत्रालय को धन्यवाद दिया। उन्होंने सूचित किया कि आर आई एन एल द्वारा कोविड महामारी से निबटने हेतु सभी आवश्यक उपाय किये जा रहे हैं और अब तक आर आई एन एल समूह के 15,000 लोगों का टीकाकरण किया गया है।डॉक्टरों एवं पराचिकित्सीय कर्मचारियों द्वारा ट्राइज एरिया के साथ विशाल स्वागत कक्ष/पंजीकरण ब्लॉक का संचालन किया जाता है।  प्रवेश द्वार पर व्हील चेयर, ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ ट्रॉली एवं मॉस्क की एवं सभी आपातिक एवं नियमित दवाओं के साथ लैस औषधालय की व्यवस्था है।  प्रशिक्षित डॉक्टरों, नर्सों अथवा अन्य पराचिकित्सीय कर्मचारियों की टीम के साथ इंटेंसिविस्ट व पल्मोनॉलॉजिस्ट द्वारा चौबीसों घंटे चिकित्सीय पर्यवेक्षण की सुविधा है।  सभी चिकित्सा एवं पराचिकित्सीय संविदागत कर्मियों को ड्यूटी के दौरान नि:शुल्क भोजन की व्यवस्था है।  मरीजों के आपातिक आवागमन हेतु एंबुलेंस की सुविधा, अन्य सुविधाओं जैसे नये शौचालय ब्लॉक व गरम एवं शीतल आर ओ पेयजल की सुविधा भी उपलब्ध है।