आर आई एन एल के लिए वर्ष 2022 बहुत ही बेहतर होगा – अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री अतुल भट्ट    01-Jan-2022     Read in English
आर आई एन एल-वी एस पी के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री अतुल भट्ट ने आज नव वर्ष के अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि ‘वर्ष 2022 आर आई एन एल के लिए बहुत ही बेहतर होगा।‘  आगे उन्होंने कहा कि ‘जहाँ तक उत्पादन एवं बिक्री का संबंध है, ‘जनवरी-मार्च’ की तिमाही आर आई एन एल के इतिहास में अब तक की श्रेष्ठ तिमाही रही है।  महामारी की खतरनाक दूसरी लहर से कई लोग प्रभावित हुए। इस अवधि के दौरान हमने अपने कई साथियों को खोया है।  इस अवसर पर मैं उन सभी कोविड योद्धाओं, स्वास्थ्यकर्मियों एवं फ्रंटलाइन कर्मियों को धन्यवाद देता हूँ, जिन्होंने इस कठिन दौर में एकजुटता दिखाई।  मुझे खुशी है कि स्वास्थ्य की समस्याओं से परेशान कुछेक को छोड़कर शेष सभी कर्मचारी एवं ठेका श्रमिकों का टीकाकरण हो गया है।‘  नव वर्ष 2022 के आरंभिक दिवस के अवसर पर आर आई एन एल के अध्यक्ष-सह-प्रबंधक श्री अतुल भट्ट ने आर आई एन एल-वी एस पी में निदेशक गण, मुख्य महाप्रबंधक गण, श्रमिक संघों के नेता एवं स्टील एक्जेक्यूटिव असोसिएशन, विप्स, अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति संघ एवं अन्य पिछड़े वर्ग संघ के प्रतिनिधियों के छोटे समूह को संबोधित किया।विभिन्न विभागों, देश भर के शाखा बिक्री कार्यालयों एवं क्षेत्रीय कार्यालयों के कर्मचारियों ने सोशल मीडिया के विभिन्न मंचों से वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम का अवलोकन किया।  श्री भट्ट ने अपने संबोधन से पहले, आर आई एन एल-वी एस पी में पर्यावरण संरक्षण उपायों के विकास एवं अभ्यास एवं आजादी के अमृत महोत्सव समारोह के अनुरूप संचालित अनोखे हरित प्रयासों से संबंधित परियोजना का शुभारंभ किया।  चीनी मिट्टी के गमले, जिनमें पौधे लगाये गये थे, उन पर आर आई एन एल-वी एस पी के लोगो और आजादी का अमृत महोत्सव उकेरना शुरु किया गया।  श्री भट्ट ने आजादी के अमृत महोत्सव संदेश के साथ प्रशासनिक भवन में पुनरुद्धरित मुहार का अनावरण किया।  वर्ष 2021 के दौरान आर आई एन एल में संपन्न प्रमुख कार्यक्रमों एवं घटनाओं को शामिल करते हुए संगठन का वार्षिक समाचार-पत्र एवं त्रिभाषी गृह-पत्रिका ‘उक्कुवाणी’ का श्री भट्ट द्वारा विमोचन किया गया। श्री भट्ट ने अपने संबोधन में कहा कि ‘आर आई एन एल का चुनौतियों को अवसरों में बदलने का अपना इतिहास रहा है।  वर्ष के दौरान हम प्रचालन के सभी क्षेत्रों में सुधार हासिल कर पाये हैं।उन्होंने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार प्राप्त करके कंपनी का नाम रोशन करने हेतु आर आई एन एल समूह की प्रशंसा की।  आर आई एन एल समूह की पूर्ण क्षमताओं के उपयोग की आवश्यकता पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि ‘हमें अपनी उपलब्धियों तक ही सीमित नहीं रह जाना चाहिए, बल्कि बाजार में अपनी स्थिति बनाये रखने हेतु और अधिक परिश्रम करना होगा।  हमें इस तिमाही पर ध्यान देना होगा और सभी क्षेत्रों में अब तक के सर्वोच्च तिमाही परिणाम हासिल करने होंगे।‘ तत्पश्चात श्री अतुल भट्ट निदेशक (प्रचालन) श्री ए के सक्सेना के साथ संयंत्र की प्रमुख इकाइयों का संदर्शन किया और कर्मचारियों को नव वर्ष की शुभकामनाएँ दीं तथा संबद्ध विभागों द्वारा दिये गये निष्पादन संबंधी प्रस्तुतीकरणों का अवलोकन किया।