विशाखपट्टणम इस्पात संयंत्र में सार्वजनिक क्षेत्र में महिलाओं के लिए विप्स फोरम की रजत जयंती मनाई गई: आर आई एन एल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री अतुल भट्ट ने संगठन के कर्मचारियों के महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की    09-Aug-2022     Read in English
वीएसपी में आज विप्स (फोरम फॉर विमेन इन पब्लिक सेक्टर) के गठन दिवस की रजत जयंती भव्य तरीके से मनाई गई। उल्लेखनीय है कि आर आई एन एल में सार्वजनिक क्षेत्र की महिलाओं के लिए 1997 में स्थापित इस फोरम (विप्स) ने सफलतापूर्वक 25 का दीर्घकाल पूरा कर लिया है। आर आई एन एल की महिला कर्मचारियों को संबोधित करते हुए संगठन के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री अतुल भट्ट ने छ: वर्ष से घाटे में चल रही कंपनी को उबारने में संगठन की महिला समूह के असाधारण योगदान की सराहना की।  उन्होंने कहा कि ‘मुझे यह जानकर बहुत खुशी हो रही है कि आर आई एन एल में सार्वजनिक क्षेत्र की महिलाओं के लिए 1997 में स्थापित विप्स फोरम 25 वर्ष का दीर्घकाल सफलतापूर्वक पूरा करके इस वर्ष रजत जयंती मना रहा है।  उन्होंने इस विशेष अवसर पर आर आई एन एल की सभी महिला कर्मचारियों को बधाई दी और समाज में महिलाओं की भूमिका के प्रति जागरूकता बढ़ाने में उनके सक्रिय योगदान हेतु उनकी सराहना की। श्री अतुल भट्ट ने सुश्री पी वी सिंधु को बैडमिंटन में कॉमनवेल्थ खेलों के बैडमिंटन विमेंस सिंगल्स खेल में प्रतिष्ठित स्वर्ण पदक जीतने के लिए बधाई दी और कहा कि यह आर आई एन एल परिवार के लिए बहुत ही गौरव का विषय है कि सुश्री पी वी सिंधु आर आई एन एल की ब्रांड अंबेसिडर हैं।श्री अतुल भट्ट ने इस्पात संयंत्र की अत्यंत जटिल आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन को कुशलतापूर्वक संभालने के लिए आर आई एन एल की मुख्य महाप्रबंधक और सामग्री प्रबंधन की विभागाध्यक्ष सुश्री शीला प्रियदर्शिनी की सराहना की। उन्होंने कहा कि ‘यह जानकर खुशी होती है कि आर आई एन एल में अधिक संख्या में महिलाएं शामिल हो रही हैं और यह ध्यान देने योग्य बात है कि महिलाएं तेजी से और धीरे-धीरे सशस्त्र बल जैसे कार्य-क्षेत्रों में आगे बढ़ती हुई दिखाई दे रही हैं, जो कभी केवल पुरुषों के लिए आरक्षित थे। मैं समाज में महिलाओं की भूमिका के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इस उद्देश्य के लिए विभिन्न कार्यक्रमों के संचालन हेतु आर आई एन एल विप्स की सराहना करता हूँ।’ श्री अतुल भट्ट ने डॉ. गीतांजलि बटमनाबने को उनकी गरिमापूर्ण उपस्थिति के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि उनकी उपस्थिति और संदेश निश्चित रूप से महिला प्रतिभागियों को व्यावसायिक जीवन में अधिक ऊंचाई हासिल करने के लिए प्रेरित करेगा। डॉ गीतांजलि बटमनाबाने, प्रो-वाइस चांसलर, गीतम इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च (जी आई एम एस आर) ने महिलाओं को अपने जीवन में सफलता हासिल करने के लिए समाज में आने वाली कठिनाइयों का सामना करने हेतु साहसिक संस्कृति विकसित करने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।