आर आई एन एल द्वारा आयोजित इंटर-स्कूल खेल प्रश्नोत्तरी का विजेता रहा डी पॉल स्कूल    29-Aug-2022     Read in English
आजादी का अमृत महोत्सव के तहत, भारत के हॉकी सम्राट मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस मनाने के लिए आज एक इंटर स्कूल खेल प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विशाखपट्टणम इस्पात संयंत्र के उक्कु क्लब के मल्टीपर्पस हॉल में आयोजित किया गया।  मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन-निगमित सेवा) श्री जी गांधी ने मुख्य महाप्रबंधक (नगर प्रशासन, विधि व संविदा) श्री एफ के लकड़ा, महाप्रबंधक (खेल) श्री एम एस कुमार, महाप्रबंधक व विभागाध्यक्ष (नगर प्रशासन) श्री वाई चंद्रशेखर और महाप्रबंधक (निगमित संचार) प्रभारी श्री आर पी शर्मा की उपस्थिति में कार्यक्रम का उद्घाटन किया। गणमान्य व्यक्तियों ने हॉकी के विश्वविख्यात खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को पुष्पांजलि अर्पित की।  क्विज मास्टर एवं उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन विभाग) श्री जे राहुल ने खेल प्रश्नोत्तरी का रोचक तरीके से आयोजन किया, जिसमें टेक्स्ट और विजुअल राउंड दोनों शामिल थे।महाप्रबंधक (खेल) श्री एम एस कुमार ने लोगों का स्वागत किया।  इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए श्री जी गांधी ने आजादी के अमृत महोत्सव के महत्त्व का उल्लेख करते हुए आर आई एन द्वारा संचालित किये जा रहे विभिन्न गतिविधियों का विवरण दिया।  उन्होंने समाज के सभी वर्गों के बेहतर स्वास्थ्य को सुनिश्चित करने के क्रम में उनके लिए अनेक खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन हेतु खेल विभाग की सराहना की।  डी पॉल स्कूल के प्रतिनिधि मास्टर रौनक सिद्दिकी एवं मास्टर चैतन्य नरेश इंटर-स्कूल खेल क्विज प्रतियोगिता के विजेता रहे। इस्पात संयंत्र के केंद्रीय विद्यालय के प्रतिनिधि मास्टर के देवा एवं सुश्री आर अफरीन रनर-अप रहे, जबकि डी पॉल स्कूल के छात्र मास्टर सोहम स्वरूप बेहेरा और मास्टर प्रियांशु प्रतीक राउत तीसरे स्थान पर रहे।