आर आई एन एल-वी एस पी के केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल इकाई ने वन महोत्सव मनाया     07-Jul-2018     Read in English
आर आई एन एल-वी एस पी के केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल इकाई ने सी आई एस एफ स्वर्णजयंती समारोह के अंतर्गत आज ‘वन-महोत्सव’ समारोह धूमधाम से मनाया| कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं आर आई एन एल के निदेशक (कार्मिक) श्री किशोर चंद्र दास ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के परिसर में स्वर्ण जयंती समारोह के अवसर पर पौधरोपण करते हुए ‘स्वर्ण जयंती उद्यान’ का उद्घाटन किया|श्री दास ने वन-महोत्सव समारोह के अवसर पर वी एस पी के केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल द्वारा संचालित बृहद पौधरोपण कार्यक्रम की प्रशंसा की|  उन्होंने बताया कि मनुष्य के जीवन में वृक्षों की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है और उनके बिना हमारा जीवन अधूरा है|  प्राणवायु एवं बेहतर स्वास्थ्य हेतु हम वृक्षों पर ही निर्भर हैं| वृक्षों से पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित होता है एवं उनसे बाढ़ व अकाल की रोकथाम होती है|  उन्होंने लोगों से अपने-अपने परित: क्षेत्रों में अधिकाधिक पौधरोपण तथा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की अपील की| इस कार्यक्रम में, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल इकाई, वी एस पी के कर्मचारियों/स्वयंसेवकों द्वारा 10.00 बजे से लेकर 10.30 बजे तक के आधे घंटे की अवधि में लगभग 6000 पौधे लगाये गये|केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल इकाई, वी एस पी के कमांडेंट श्री इरफान अहमद ने कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत किया|  उन्होंने अपने संबोधन में धरती पर जीवन को बनाये रखने में वृक्षों की भूमिका का उल्लेख किया|  उन्होंने यह भी कहा कि वृक्ष प्रकृति की सुंदरतम व उपयोगी देन हैं|  वृक्ष हमारे सच्चे हितैषी हैं, क्योंकि इनसे हमें प्राणवायु मिलती है तथा ये पर्यावरण से कार्बन डाईआक्साइड को ग्रहण कर लेते हैं|  धरती के तापमान को नियंत्रित करते हैं तथा मृदाक्षरण की रोकथाम सुनिश्चित करते हैं|  अत: यह हमारा दायित्व है कि हम पौधरोपण करते हुए पर्यावरण संरक्षण में सहयोग दें| आर आई एन एल-वी एस पी के कृषिवानिकी विभाग ने वन-महोत्सव कार्यक्रम में पौधे देकर सहयोग दिया|